नयागांव में विकास के दावे कागजी सड़कें टूटी, घरों में गंदा पानी सप्लाई

लोग बोले- टैक्स अदा करने के बाद भी विकास को तरस रहे हैं, खुले इलेक्ट्रिक बॉक्स से करंट लगने का खतरा

टूटी सड़कें, गंदे पानी की सप्लाई, खुले इलेक्ट्रिक बाक्स, ऐसा हाल है नयागांव का। ये हालात किसी एक सड़क या इलाके का नहीं बल्कि सभी 21 वार्डों का है। कहीं हालात तसल्लीबख्श हैं तो उन इलाकों में जहां कुछ चुनिंदा रसुखदार लोग रहते हैं। टैक्स अदा करने बाले इलाके के आम लोग रोजाना कई तरह की मुश्किलों का सामना करने को मजबूर हैं। जनप्रतिनिधियों, नगर काउंसिल और प्रशासन की उदासीनता से लोगों में नाराजगी है। नयागांव के विकास के दावे महज कागजी साबित हो रहे हैं।

नयागांव के लोग सीधा आरोप लगाते हैं कि विकास के नाम पर जो काम हुए भी हैं तो वो काउंसलरों और रसूखदार लोगों के घरों के आसपास ही हुए हैं। नाडा रोड की हालत इतनी खस्ता है कि बारिश के दिनों में यहां से वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। भले ही यहां इंटरलॉकिंग टाईलें लगा दी गई हैं, इसके बावजूद सीवरेज का पानी सड़क पर भर जाता है। बारिश के दौरान यह हालात और भी बदतर हो जाते हैं। इतना ही नहीं यहां पर लगे इलेक्ट्रिक बाक्स या तो टूटे हुए हैं या फिर खुले पड़े हैं जिससे करंट लगने का खतरा बना रहता है।

वाटर सप्लाई भी नयागांव के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। लोग गंदा पानी इस्तेमाल करने को मजबूर हैं। उस पर लो प्रेशर और बिना शेड्यूल होने बाली वाटर सप्लाई ने लोगों की दिक्कत बढ़ा दी है। सबसे ज्यादा पानी को किल्लत जनता कालोनी और उसके आसपास के एरिया में है। वार्ड-15 व 16 के कई घरों में तो लंबे समय से पानी की सप्लाई नहीं हो रही। लोगों का कहना है कि इस बाबत मौखिक और लिखित तौर पर प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है, इसके बावजूद समस्याओं का हल नहीं किया जा रहा।


Supply dirty drinking water in Naya Gaon


News Source: Amar ujala

Post a Comment

0 Comments